नगर से सटे बहेरी में चुनावी सभा को संबोधित करते मंत्री आजम खां।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। जो व्यक्ति कब्रिस्तान, शमशान पर राजनीति करता है, उससे तुच्छ कोई हो नहीं सकता। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्हें नहीं मालूम कि हमने कब्रिस्तान के लिए दिए गए धन से ढाई गुना अधिक पैसा अंत्येष्टि स्थल के लिए दिया है। कहा कि मुख्यमंत्री ने गधे की बात की तो मोदी हर सभा में गधे से प्रेरणा लेने की बात कहने लगे हैं। अब गदहे से प्रेरणा लेने वाला कैसा होगा, अंदाजा लगा लें। वे मंगलवार को बलिया शहर के बहेरी में सपा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्ता के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने बेल्थरारोड़ में भी पार्टी प्रत्याशी गोरख पासवान के समर्थन में जनसभा की।
मायावती पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मायावती जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी के फार्मूले पर चुनाव लड़ रही हैं। इस चुनाव में 103 सीटों पर मुस्लिमों को टिकट देकर वे मुस्लिम भाइयों को आपस में ही लड़ा रही हैं। वहीं आरएसएस पर कहा कि ये अविवाहित रहते हैं। ये क्या जानेंगे कि परिवार किस चीज का नाम है। हमसे मिले हम उन्हें बताएंगे कि रिश्ते क्या होते हैं। इनकी तो फितरत है कि लालच देकर काम निकालना, चुनाव जीतने के बाद किसे याद करते हैं। कहा कि गंगा के नाम पर राजनीति करने वाले प्रधानमंत्री मोदी के ढाई साल के कार्यकाल में पांच रुपये भी प्रदेश में नहीं आया। वाराणसी में गंगा तटों और गलियों का चमकाने का कार्य हमने ही किया। बापू को किसने मरवाया, यह सभी जानते हैं। इसके लिए कोई नहीं पूछता है, उसे सजा मिलनी चाहिए कि नहीं चाहिए। हम तो हिंदू और मुस्लिम में प्यार बढ़ाने का कार्य किया है, मोदी जी प्यार क्या जानेंगे, जिन्होंनेे पत्नी को ही छोड़ दिया।