प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से मंगलवार की शाम शिक्षक सम्मान समारोह और शिक्षा उन्नयन गोष्ठी का आयोजन प्राथमिक विद्यालय नंबर एक पर हुआ। इस दौरान बीएसए ने बताया कि अप्रैल, 2015 तक जिले में माडल स्कूलों का संचालन शुरू हो जाएगा। समारोह में 24 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ करते हुए बीएसए राकेश सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा को कुछ लोग बदनाम कर रहे हैं। जबकि यही शिक्षा नींव का पत्थर साबित होती है। जनपद में बेसिक शिक्षा पटरी पर चल रही है।
जनपद में शिक्षकों की बड़ी श्रृंखला है, जिसकी कड़ी काफी मजबूत है। प्रत्येक शिक्षक शिक्षा के महायज्ञ में महत्वपूर्ण योगदान कर शिक्षा के दीप को जला रहा है।
बताया कि माडल स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम के अलावा कंप्यूटर से भी जोड़ा जाएगा। ताकि परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा भी आधुनिक हो। वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश सिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि सरकार उसे अवकाश देती है।
अवकाश ग्रहण करने के बाद शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। प्राथमिक शिक्षक संघ के संरक्षक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के नींव को संवारने का काम करता है।
जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के लिए तत्पर रहा हूं और आगे भी तत्पर रहूंगा। इस मौके पर एबीएसए नगरा जसवंत सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह, दयाशंकर राम, राज बहादुर सिंह ने संबोधित किया। अध्यक्षता बलवंत सिंह तथा संचालन विजय बहादुर सिंह ने किया।