उप्र मनरेगा कर्मी कल्याण संगठन के तत्वावधान में गुरुवार को जनपद के मनरेगा कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर विकास भवन पर कार्य बहिष्कार कर रोष व्यक्त किया। संगठन ने मांग किया कि यदि चार दिन के अंदर मांगें नहीं मानी गई तो 13 अक्तूबर को लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान समर्थन में ग्राम विकास महापरिषद राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। जिसमें महासंघ के पदाधिकारी अविनाश उपाध्याय, गौरीशंकर राम उपस्थित होकर आश्वस्त किया कि किसी कर्मचारी पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि चार से पांच दिन में मांगें नहीं मानी गई तो विवश होकर दिनांक 13 अक्तूबर से लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में धरना प्रारंभ किया जाएगा।
कार्मिकों की सेवा के लिए जाने के संबंध में वित्त वेतन आयोग अनुभाग दो ने निर्देश निर्गत किए कि संबंधित विभाग के कर्मियों से सेवाएं लिए जाने के संबंध में निर्धारण करते हुए शासनादेश जारी करे तथा पुन: कार्रवाई के निर्देश निर्गत किए। लेकिन ग्राम्य विकास विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ऐसे में अब हम लोग आंदोलन को विवश हो रहे। जल्द मांगें नहीं मानी गई तो आगे आंदोलन को और वृहद रूप दिया जाएगा। इस मौके पर एपीओ हनुमानगंज अमित कुमार सिंह, सुमित कुमार सिंह, जयलाल, समरदरसी, मनीष, राजेश यादव, भरत, ज्ञानेंद्र यादव, टीए प्रणव उपाध्याय, लेखा सहायक उपेंद्र कनौजिया, विनोद, रवि मौल, कंप्यूटर आपरेटर बृजेश वर्मा सहित अन्य मनरेगा कर्मी उपस्थित रहे।