कलक्ट्रेट परिसर में एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए की गई बैरीकेडिंग।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में एमएलसी चुनाव की मतगणना कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए तीन टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक टेबल पर दो मतगणना अभिकर्ता नियुक्त किए जा सकेंगे। एक समय में केवल एक ही मतगणना अभिकर्ता एक टेबल पर उपस्थित रह सकता है। मतगणना अभिकर्ता स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का ही व्यक्ति होना चाहिए। मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निवर्तमान एमएलसी व भाजपा प्रत्याशी रविशंकर सिंह पप्पू व सपा प्रत्याशी अरविंद गिरी के बीच सीधा मुकाबला है। एमएलसी चुनाव के लिए विधानसभा चुनाव के समय ही कार्यक्रम घोषित हुआ, लेकिन बाद में इसे स्थगित कर दिया गया। दोबारा फिर प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव की अधिसूचना 15 मार्च को जारी हुई थी। नौ अप्रैल को कुल 18 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। इसमें 2623 मतदाताओं में कुल 2577 अर्थात 98.25 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। गणना के लिए सभी बैलट बॉक्स को खोलकर सौ-सौ मतों के बंडल बनाए जाएंगे। इसके बाद सर्वप्रथम मतपत्र के प्रथम वरीयता के आधार पर वैधता की जांच की जाएगी। इसके बाद ही मतगणना पर्यवेक्षक मतपत्रों की छंटनी श्रेणी के अनुसार करेंगे। प्रथम श्रेणी में रिजेक्टेड मतपत्र, द्वितीय श्रेणी में प्रथम परीक्षा के आधार पर प्राप्त वैध मतों को छांटकर रखा जाएगा।