बलिया की राजनीति में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और उनके परिवार का हमेशा दखल रहता है। विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशी पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू तीन बार से बलिया से एमएलसी हैं। हर बार उनके दल अलग रहे हैं। इस दफा विधानसभा चुनाव से पहले ही सपा से पाला बदल कर भाजपा में आ गए थे। इस बार उनके सामने समाजवादी पार्टी के युवा चेहरे अरविंद गिरी होंगे। पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर भाजपा से राज्यसभा सांसद हैं।
वाराणसी में विधान परिषद (एमएलसी) के लिए पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव बतौर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सोमवार प्रात: 11.30 बजे नामांकन करेंगे। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने संयुक्त रूप से विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि 21 मार्च को वाराणसी, चंदौली और भदोही विधान परिषद सदस्य के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी उमेश यादव जेपी मेहता इंटर कालेज कचहरी से अपने समर्थकों के साथ कचहरी पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे।