बलिया। कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह पेपर लीक मामले में पत्रकारों की गिरफ्तारी का मुद्दा विधान परिषद में उठाएंगे। उन्होेंने फोन पर बताया कि वे पत्रकारों के आंदोलन के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों का काम ही है कि शासन प्रशासन की कमियों को उजागर करना, जिससे शासन प्रशासन सचेत होकर उन कमियों को दूर कर सके। बलिया का जिला प्रशासन परीक्षा की शुचिता को कायम रखने में पूरी तरह फेल साबित हुआ है। जब पत्रकारों ने कमियों को उजागर किया तो जिला प्रशासन तिलमिलाते हुए पत्रकारों को ही बलि का बकरा बनाकर अपनी गर्दन बचाने का काम किया है। कहा कि बलिया में परीक्षा केंद्र निर्धारण में जो खेल होता है, इसकी जांच की मांग और इसमें संलिप्त चाहे वो प्रशासनिक अधिकारी हो या शिक्षा विभाग के अधिकारी हो, उन्हें दंडित कराने के लिये सदन में पुरजोर तरीके से आवाज उठाऊंगा। बलिया के पत्रकार साथियों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को बचाने के लिये जो आवाज बुलंद की है, उसी आवाज में अपनी आवाज मिलाकर चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता के लिये कानून बने, इसकी मांग करते हुए गिरफ्तार तीनों पत्रकारों की बाइज्जत रिहाई की मांग उठाऊंगा।