बलिया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शनिवार को बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने शुभारंभ किया। तीस अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के तहत साफ-सफाई के प्रति जागरुकता और टीकाकरण पर जोर रहेगा।
संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पूरे जिले में चलने वाले प्रचार वाहनों को विधायक ने हरी झंडी दिखाई। इसके बाद सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में विधायक केतकी सिंह ने कहा कि समाज स्वस्थ रहेगा तभी आगे बढ़ेगा। जब अभियान पूरा हो जाए तो जरूर बताएं। हम लोग भी गांव-गांव जाकर क्रियान्वयन पर नजर रखेंगे और जागरूकता अभियान में सहयोग करेंगे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अगर बुखार हो तो अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं। झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में न पड़ें। बच्चों को दोनों टीके जरूर लगवाएं लें। इस अवसर पर सीएमओ डॉ नीरज पांडेय सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।