प्रदेश में बढ़ते अपराध पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में अपराध को कम करने के लिए ही यूपी सरकार पौधारोपण कर रही है। क्योंकि वातावरण दूषित हो गया है। जब करोड़ों की संख्या में यूपी में पेड़ लग जाएंगे तो अपराध में कमी आएगी। वातावरण का दोष है, खानपान का दोष है। रासायनिक खाद का बड़े पैमाने पर प्रयोग हो रहा है। वायुमंडल दूषित है। इसी को रोकने के लिए मेरे विभाग ने एक करोड़ 28 लाख पेड़ लगाए हैं। सरकार ने एक अरब पेड़ लगाए हैं। पेड़ लग जाएंगे तो यूपी में अपराध कम हो जाएगा।
राहुल गांधी के वोटर लिस्ट में गड़बड़ी वाले बयान पर जवाब
राहुल गांधी की ओर से वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर दिए गए बयान पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राहुल गांधी के बयान मजाक बनकर रह गए हैं। राहुल गांधी जहां से चुनाव जीते हैं क्या इलेक्शन कमीशन ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करके चुनाव जिताया? डिनर पार्टी में अखिलेश यादव के जाने पर कहा कि अखिलेश यादव मध्य प्रदेश और उत्तराखंड चुनाव में भी गए थे और वहां कांग्रेस को हरा दिया। यूपी में कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है। कांग्रेस सिर्फ सपा के जरिए यूपी में जिंदा रहना चाहती है। अखिलेश यादव पर तंज कसते कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव रात के अंधेरे में मोदी और योगी को गुलदस्ता देते हैं और कहते हैं कि जान बची रहे। दिन में बीजेपी के खिलाफ बोलते हैं।
बिहार चुनाव को लेकर कहा कि अमित शाह सहित बड़े नेताओं से 70 प्रतिशत तक बात हो चुकी है। 30% बची है। जल्द ही बिहार चुनाव में हम एनडीए के साथ चुनाव लड़ेंगे। लालू कहते थे कि सड़क बनाना जरूरी नहीं है, क्योंकि पुलिस जल्दी आ जाएगी। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पहले हम पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते थे। अब पीडीए की पाठशाला चलकर सपा के लोग खुद बता रहे हैं कि अ से अखिलेश, ड डिम्पल और प से परिवार। बलिया में एनएचआई की ओर से बनाए गए पुल को पीडब्ल्यूडी की ओर से शुरू करने पर दयाशंकर सिंह की नाराजगी पर कहा कि अधिकारियों को चाहिए कि वह क्षेत्रीय विधायक और मंत्री को इसकी सूचना दें।