भारतीय डाक विभाग द्वारा मनाए जा रहे राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बलिया मंडल के अधीक्षक डाकघर द्वारा बुधवार को फिलेटरी दिवस मनाया गया। बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने 1942 अगस्त क्रांति के महानायक शेर-ए-बलिया चित्तू पांडेय के सम्मान में विशेष आवरण व विरूपण (विशेष लिफाफा) जारी किया।
राज्यमंत्री श्री तिवारी ने कहा कि 1857 में मंगल पांडेय ने स्वतंत्रता की जो चिंगारी जलाई जो चित्तू पांडेय के समय तक आंधी का रूप ले ली। इस अवसर पर चित्तू पांडेय के प्रपौत्र जैनेंद्र पांडेय ने शेरे बलिया के स्मृति को भी उद्घृत किया। डाक अधीक्षक संजय त्रिपाठी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति 250 रुपये भुगतान कर अपना फिलेटरी एकाउंट खोलवा सकते हैं। जिसमें भारतीय इतिहास संबंधित डाक टिकट डाक टिकट संग्रह के लिए उपलब्ध कराया जाएगा तथा 300 रुपये देकर अपनी फोटो डाक टिकट अंकित करा सकता है। इस अवसर पर सेनानी राम विचार पांडेय, द्विजेंद्र मिश्र, सहायक डाक अधीक्षक प्रदीप कुमार पाठक (पश्चिमी), मारुत नंदन (पूर्वी), अंगद यादव, (उत्तरी), संतोष गुप्त, रविंद्र शाह, विनय पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, सुशील गुप्ता, महेश यादव (ग्राम प्रधान) आदि रहे। संचालन अजीत दुबे ने किया।