विद्या की आराध्य देवी मां सरस्वती की पूजा नगर सहित ग्रामीणांचलों में धूमधाम से की गई। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सरस्वती पूजनोत्सव की धूम रही।
पूजा पंडालों में स्थापित मां सरस्वती की नयनाभिराम झांकियां सजाई गईं। पीले वस्त्रत्त् पहन कर पहुंची महिलाओं और युवतियों ने झांकियों का दर्शन किया। वसंत उत्सव पर युवतियों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी।
नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में कई जगहों पर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई है। दोपहर में पट खुलने के बाद दर्शनार्थियों का तांता लगा गया।
कालेजों, शिक्षण संस्थाओं में सुबह देवी पूजा के बाद बच्चों में प्रसाद बांटा गया। मां के गीत गाए गए। देर शाम पूजा पंडालों की सजावट देखते ही बन रही थी।
चिलकहर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं सहित गांवों में मां वीणावादिनी की प्रतिमा रखकर पूजन अर्चन किया गया। कुरेजी, बलेसरा, चोगड़ा, नरांव, चिलकहर, असनवार, हजौली, कुकुरहां, इंदरपुर सहित दर्जनों गांवों में देवी का पूजन अर्चन किया गया।
पंडालों में सजाई गई सरस्वती की प्रतिमा के मुख पट विधिवत पूजन अर्चन के साथ खोले गए। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। संत ओड़िया शिशु शिक्षा सदन में भी मां सरस्वती का पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां की पूजा की। इस मौके पर स्कूली छात्रों ने मां की वंदना की।
मनियर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के ग्रामीणांचल सहित कसबा के विभिन्न वार्डों में वीणावादिनी की पूजा की गई। पूजा पंडालों में ज्ञान की देवी की प्रतिमाएं प्रतिस्थापित करने के बाद विधिवत पूजन अर्चन के बाद शाम को देवी प्रतिमा का मुख पट खोला गया।
प्रतिमा का मुख पट खोलते ही जयकारे से इलाका गुंजायमान हो उठा। इब्राहिमपट्टी संवाददाता के अनुसार वीणावादिनी की पूजा क्षेत्र के गांवों में परंपरागत तरीके से की गई। पंडालों में मां की नयनाभिराम झांकी रखकर पूजन किया गया। शाम होते ही जयकारे के साथ मां के पट खोला गया।
दुबहर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मां वीणावादिनी की मूर्ति स्थापित कर विधिवत पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के बुल्लापुर (अखार) बागीचे में मां सरस्वती की प्रतिमा भव्य तरीके से रखी गई।
किशुनीपुर में समाजसेवी मुनील के नेतृत्व में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया। जहां क्षेत्र के अनेकों लोग पूजन-अर्चन के साथ ही दर्शन करने पहुंच रहे है। इसी क्रम में विक्की राजभर के नेतृत्व में नगवां गांव के पूरब टोला धूमधाम के साथ पूजन-अर्चन किया गया।