लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज से सेमरिया जाने वाले मार्ग पर मंगलवार की देर शाम मुरारपट्टी गांव के सामने डोका यादव के बॉस की दुकान के पास दो लोगों के बीच हुई मारपीट में एक अधेड़ गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसकी देर रात इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र भुवर के तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दलकी नंबर एक पंचायत के सुरेमनपुर गांव निवासी विजय राम उर्फ पीमा राम उर्फ निरहुआ (55) पुत्र स्वर्गीय रामप्रीत नशे में था। उधर, पहले से ही हृदयपुर निवासी लालजी यादव (22)पुत्र त्रिलोकी यादव भी नशे का सेवन करके आ रहा था। इस दौरान दोनों की मुलाकात लालगंज से सेमरिया जाने वाले रास्ते पर मुरारपट्टी गांव के सामने डोका यादव की बॉस की दुकान के पास हो गई, जहां दोनों में कहासुनी शुरु हो गई। मामला इतना तूल पकड़ लिया कि कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इसमें विजय उर्फ पीमा उर्फ निरहुआ के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह लहुलुहान होकर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके घर सूचना भेजी और घायल को सीएचसी सोनबरसा पहुुंचाया, जहां गंभीर स्थिति देख डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जिसकी जिला अस्पताल में मंगलवार की रात को इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक के पुत्र के तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जेल भेजा जा रहा है।
डॉ विपिन ताडा, पुलिस अधीक्षक, बलिया।