बेल्थरारोड नगर का ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूृस व शोभायात्रा परंपरागत ढंग से कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मंगलवार को निकला। इस मौके पर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। हनुमान जी की भव्य झांकी का दर्शन करने नगर क्षेत्र के अलावा दूर दराज के लोगों की भीड़ उमड़ी । शोभा यात्रा में देवी-देवताओं की झांकियों ने लोगों का मन मोहा लिया।
मानस मंदिर और यूनाइटेड क्लब के प्रांगण से अपराह्न जुलूस प्रारंभ हुआ। विधायक गोरख पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश गुप्त ने संयुक्त रूप से जुलूस का शुभारंभ किया। जुलूस में सबसे आगे महावीरी पताकाएं लहरा रही थी। हाथी, घोड़े और ऊंटों की कतार के साथ हनुमान जी की भव्य झांकी श्रद्धालुओं का आकर्षण का केंद्र रही।
दर्शन और पूजन अर्चन के लिए देहात क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा। झांक ी में शिव परिवार, भारत माता, राम वनवास, श्रवण की मातृ-पितृ भक्ति आदि झांकियां सजाईं गईं थीं। डीजी के धुन पर थिरकते युवाओं की टोलियां शमा बांध रही थी।
सिकंदरपुर, और मझौली राज के महावीरी अखाड़ों के खिलाडिय़ों के हैरतअंगेज करतब देख लोग मंत्रमुग्ध हो गए। गोडऊ, धोबउ, लोकनृत्य और गीत संगीत की धूम रही। इस दौरान गुजरने वाले स्थानों पर स्वयंसेवी संगठनों की ओर से प्याऊ की व्यवस्था की गई थी।
तीखी धूप से बेहाल लोगों ने प्याऊ पर गला तर कर राहत की अनुभूति की। निर्धारित स्थानों का भ्रमण कर जुलूस गंतव्य समाप्त हुआ। जुलूस को सफल बनाने में आद्याशंकर यादव, भोला जायसवाल, दुर्गा प्रसाद मधु, सरदार महेंद्र सिंह, विश्राम सिंह, प्रवीण प्रकाश, मोहन लाल निराला आदि का सहयोग सराहनीय रहा।