बलिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पर ऑक्सीजन प्लांट निर्माण कराए जाने की मांग को लेकर हरिवंश बहादुर सिंह के नेतृत्व में लोगों ने शनिवार को नगर पंचायत मनियर के प्रशासक व अधिशासी अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नगर पंचायत के कर्मचारी शक्ति सिंह को सौंपा।
पत्रक में उल्लेख किया है कि संपूर्ण भारत में कोविड-19 का दूसरा कहर तीव्रता से पांव पसार रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन के अभाव में बड़ी आबादी मौत के गाल में समाने को विवश है। जनपद में एक भी ऑक्सीजन प्लांट नहीं होने के कारण ऑक्सीजन के लिए मऊ, वाराणसी व गोरखपुर में लोग दर-दर भटकने को विवश हो रहे हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक तीसरा कोरोना कहर आने ही वाला है। भविष्य में ऑक्सीजन के अभाव में आम जनमानस की मृत्यु न हो। इसलिए नगर पंचायत के राज्य वित्त आयोग निधि से मनियर में एक ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया जाए। जिससे मनियर सहित जनपद के लोगों को ऑक्सीजन की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो सके। ज्ञापन देने वालों में अविनाश वर्मा, संतराज चौरसिया, पिंटू रावत, दयानंद राय, प्रदीप शर्मा आदि रहे।