बलिया। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए खर्च की सीमा तय कर दी गई है। सामानों के दर भी तय है। अब इन्हीं दरों से प्रत्याशियों को चुनावी खर्च का हिसाब देना होगा। इसका पूरा हिसाब-किताब रखा जाएगा। प्रत्याशियों को अपना व्यय रजिस्टर मांगने पर पेश करना होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही ये खर्च उनके नाम से जुड़ने लगेंगे। इस बार कोरोना से बचाव के लिए जरूरी मास्क, सैनिटाइजर, फेसशील्ड पर आने वाले खर्च भी म्मीदवारों की लिस्ट में शामिल किए गए हैं। चुनाव के दौरान पूड़ी-सब्जी खिलाने पर 50 रुपये तो चाय समोसा खिलाने पर 10 रुपये। एक फेस मास्क तीन लेयर का रेट पांच रुपये, सैनिटाइजर 100 से 600 एमएल 18 से 600 रुपये तय किया गया है। फेस शील्ड की कीमत 30 रुपये, दस्ताने प्लास्टिक पन्नी के लिए 60 पैसे और दस्ताने रबर (सर्जिकल) के 6 रुपये तथा थर्मल स्कैनर की दर 973 रुपये तय की गई है। पीपीई किट 300 रुपये प्रति नग तय किया गया है।
---
चुनावी खर्च पर रहेगी विशेष नजर
विधानसभा चुनाव 2022 में जिले की दो विधानसभाओं बलिया नगर और बांसडीह में चुनावी खर्च पर आयोग की विशेष नजर रहेगी। पुलिस और प्रशासन की तरफ से तैयार रिपोर्ट में इन दोनों विधानसभाओं को सबसे अधिक व्यय संवेदनशील क्षेत्र माना है। लोकसभा चुनाव 2019 के आधार पर इन दोनों विधानसभाओं को व्यय के मामले में संवेदनशील बताने के साथ ही निगरानी टीमों को इन दोनों विधानसभाओं में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।