चितबड़ागांव स्थित गैस एजेंसी।संवाद
चितबड़ागांव। थाना क्षेत्र के बलिया-बक्सर मार्ग के महरेई गांव स्थित गैस एजेंसी के कैशियर को सोमवार देर रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने घेरकर डंडे से पीटा और डिक्की में रखा 1.22 लाख रुपये लूटकर भाग गए। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी और स्वाॅट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। कैशियर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर निवासी उपेंद्र कुमार चितबड़ागांव स्थित संजय भारत गैस एजेंसी में कैशियर हैं। प्रतिदिन की तरह सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह एजेंसी से बाइक से घर जा रहे थे। बताया गया कि बाइक की डिक्की में गैस रिफिलिंग के करीब चार लाख रुपये रखे थे, जिससे सुबह में वह बैंक में जमा करते हैं।
पानी प्लांट के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने डंडे से उपेंद्र की पिटाई शुरू कर दी। बदमाशों से बचने के लिए उपेंद्र बाइक मोड़कर एजेंसी की तरफ जाने का प्रयास करने लगे, इसी दौरान बाइक असंतुलित हो गई। मौका पाकर दूसरी बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक की डिक्की खोलकर करीब 1.22 लाख रुपये लूट कर भाग गए, बाकी पैसा छिना झपटी में बच गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अतुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। कुछ ही देर में एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और स्वाट टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पीड़ित और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। - संजय वर्मा, एएसपी दक्षिणी
एक साल बाद भी सिलेंडर चोरी का खुलासा नहीं
गैस एजेंसी के कैशियर से हुई लूट ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पहले इसी एजेंसी से चोर 20 सिलेंडर चोरी कर ले गए थे। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें चोरी की घटना कैद हुई थी। इसके बावजूद लंबे समय बाद भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी या खुलासे की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अब कैशियर से 1.22 लाख रुपये की लूट के बाद खुलासे को लेकर लोगों में सवाल उठने लगे हैं।