बलिया। शहर के चौक क्षेत्र में कासिम बाजार रोड पर बुधवार की सुबह 8 बजे के करीब बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दवा कारोबारी को गोली मार दी। आसपास के लोगों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद बीएचयू रेफर कर दिया।
दिन दहाड़े घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है। दवा व्यापारी अरुण की बेटी पायल की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात सहित छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली के कासिम बाजार निवासी अरुण गुप्ता (64) दवा व्यापारी के साथ व्यापारी नेता भी हैं। घर के सामने उनकी दवा की दुकान है। बुधवार की सुबह 8 बजे चौक से सामान खरीदकर पैदल ही घर लौट रहे थे। चौक की तरफ से आए बाइक (बुलेट) सवार नकाबपोश दो युवकों ने पास आकर कमर के पास गोली मार दी और भाग गए। दरवाजे के बाहर बैठे बड़े भाई राजकुमार गुप्ता ने इसके बाद शोर मचाया तो आसपास के लोग व परिजन पहुंच गए। उन्होंने अरुण को जिला अस्पताल में ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया।
घटना की खबर लगते ही घर व अस्पताल में व्यापारियों की भीड़ जुट गई। सूचना पर एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर, सीओ सीटी श्यामकांत, कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।मौके पर कई थानों की फोर्स मुस्तैद रही। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एएसपी कृपाशंकर ने परिजनों, व्यापारियों और आसपास के लोगों से बातचीत कर अहम जानकारी ली और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
स्वाॅट व पुलिस की स्पेशल टीम आसपास के दुकानों पर लगे सीसी कैमरों से फुटेज खंगालने में लगी है। एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर ने कहा कि अज्ञात बदमाशों ने दवा व्यापारी को गोली मार दी है। गोली उनकी कमर के पास लगी है। उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है। तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।