नगर के शहीद चौक के पास लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक मंगलवार को फट गया। इसकी जद में आने से तीन महिलाओं समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज निवासी पिंटू (19), विजयीपुर निवासी सलाउद्दीन (24), यारनपुर बेदुआं निवासी निर्मला (40) पत्नी ददन प्रसाद, कृष्णा नगर निवासी उषा देवी (22) पत्नी राजकुमार, उमरगंज निवासी जनकिया देवी (70) पत्नी मधुसूदन शहीद चौक के आसपास ताला और फल की दूकान लगाकर बैठे हुए थे।
तभी बगल में मौजूद 400 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक फट गया। उसके खौलते तेल की जद में आने से सभी गंभीर रूप से झुलस गए। इसके अलावा बगल से गुजर रहे सदर कोतवाली क्षेत्र के महावीर घाट निवासी आदित्य (10) पुत्र लक्ष्मण भी गंभीर रूप से झुलस गया।
आसपास के लोगों ने आनन-फानन में सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां निर्मला देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर विद्युत विभाग के आला अफसर शहीद चौक पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। घटना की जानकारी जिलाधिकारी सहित अन्य अफसरों को दे दी गई है।