सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के महथापार गांव में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के पिता ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिता अरविंद वर्मा निवासी सरियावमनोबीर, थाना नगरा ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रूनी की शादी 12 मार्च 2019 को ग्राम महथापार निवासी धर्मेंद्र वर्मा से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में नगदी और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। पिता का आरोप है कि 18 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरविंद वर्मा की तहरीर पर सिकंदरपुर थाना पुलिस ने पति धर्मेंद्र वर्मा, ससुर कैलाश वर्मा और सास उमरावती देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सिकंदरपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। संवाद