पूर। पकड़ी थाना क्षेत्र के रतसी मेहमापुर गांव में बुधवार की रात करीब आठ बजे एक विवाहिता ने पंखे के हुक में साड़ी बांध कर फंदे से लटककर जान दे दी। इस मामले में मृतका के पिता राधेश्याम राजभर ने तहरीर दी है जिसमें घटना का उल्लेख तो किया है लेकिन किसी को दोषी नहीं ठहराया है।
रतसी मेहमापुर गांव निवासी शंकर राजभर के पुत्र सूरज राजभर (22) की शादी गड़वार थाना क्षेत्र के चौबेपुर (इंद्रपुर ) गांव निवासी राधेश्याम राजभर की पुत्री आरती से पांच माह पूर्व हुई थी। शादी के बाद से विवाहिता अपने ससुराल में रह रही थी। बुधवार की शाम विवाहिता का पति और अन्य परिजन खेत में गेहूं की कटाई मड़ाई करने खेत में गए थे। इसी बीच किसी समय विवाहिता ने पंखे के हुक से साड़ी बांध कर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जब परिजन रात करीब आठ बजे खेत से घर पहुंचे तो देखा कि आरती पंखे के हुक के सहारे फंदे से लटकी हुई है। परिजन शोर मचाने लगे। शोरगुल सुन आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।