सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की बैठक लेते जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम।
- फोटो : ballia
जिलाधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरूस्त रखा जाए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे जनवरी माह में चलने वाले अभियान में विशेष फोकस सभी अस्पतालों पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, एएनएम सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय के परिसर को विशेष तौर पर साफ-सुथरा रखा जाए। स्वास्थ्य पखवाड़ा के एक से 14 जनवरी तक के पहले चरण में जल निगम, नगर विकास, पंचायती राज, डूडा, नगरीय क्षेत्र के सभी विभाग रहेंगे। दूसरे चरण में 15 जनवरी से शिक्षा विभाग भी जुड़ जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर से लेकर देहात तक सभी पानी टंकियों की सफाई सुनिश्चित कराएं। अस्पतालों से निकल रहे मेडिकल से जुड़े कचरे को निस्तारित करने पर जिलाधिकारी ने विशेष जोर दिया। कहा कि प्रत्येक सीएचसी-पीएचसी पर लाल व नीले रंग का दो कंटेनर रखा जाए और प्रतिदिन उसका निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में सीएमओ डा. एसपी राय, सभी एमओवाईसी, सीडीपीओ, डीसीपीएम अजय पांडेय, सिकंदर खां, अफसर आलम आदि थे।
सिंचाई व्यवस्था में लापरवाही क्षम्य नहींः
जनपद में सिंचाई सुविधा बेहतर बनाने को लेकर डीएम सुरेंद्र विक्रम ने सिंचाई से जुड़े अधिकारियों की बैठक की। डीएम ने नहरों में पानी और शत प्रतिशत सरकारी नलकूप दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। चेताया कि लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि लिफ्ट कैनाल की जहां सम्भावनाएं हैं वहां सर्वे कर उसकी रिपोर्ट दें। कोरंटाडीह में इसकी सम्भावनाओं को बताया गया। नहरों में पानी टेल तक पहुंचाने को निर्देश दिया। बड़े नालों के साफ सफाई कराने को भी कहा। नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा कि कोई भी नलकूप मैकेनिकल या विद्युत खराबी से बंद नही मिलना चाहिए। अगर ऐसा कोई हो तो उसे एक सप्ताह के अंदर ठीक करा लिया जाए।