मनियर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर से एक प्रसूता को यह कहते हुए जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया कि उसके शरीर में हिमोग्लोबिन की कमी है। सामान्य प्रसव नहीं हो सकता। इसके बाद महिला को लेकर आने वाली आशा बहू उसके पास पहुंची और उसे पीएचसी से एएनएम के आवास पर ले गई। वहां उसकी दुबारा जांच कराई गई और हिमोग्लोबिन सही बता नार्मल डिलीवरी करा दी गई। हालांकि इस दौरान महिला के परिजनों से चार हजार रुपये ले लिए गए।
मनियर थाना क्षेत्र के घाटमपुर की महिला मीना देवी पत्नी गणेश राजभर प्रसव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पर पहुंची। वहां तैनात एएनएम ने जांच के बाद हिमोग्लोबिन की कमी बताकर उसे जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद महिला के साथ आई आशा बहू ने कहा कि नर्स के आवास पर चल कर दिखाते हैं। वह महिला को बड़ी बाजार स्थित उसी एएनएम के आवास पर ले गई जिसने अस्पताल में हेमोग्लोबिन कम बताया था। वहां चार हजार में सौदा तय हुआ और एएनएम ने महिला का सुरक्षित प्रसव करा दिया।
मामले को लेकर जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. शहाबुद्दीन से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि मेरे पास भी मामले की शिकायत आई है। अभी मैं बलिया जिला मुख्यालय पर कोरोना ड्यूटी में हूं लौटकर मनियर आता हूं तो मामले की जांच कराई जाएगी।