बैरिया। रविवार को भोर में क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने दुर्जनपुर गांव निवासी अमित साहनी पहुंच गया। लेकिन प्रेमिका के परिजनों ने कमरे में बंद कर लाठी-डंडे और राॅड से पीट-पीट कर अधमरा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक बैरिया आरपी सिंह ने बताया कि अमित साहनी निवासी दुर्जनपुर के साथ थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी पढ़ती थी। दोनों में काफी दिनों से मेल-मिलाप था। रविवार की भोर में किशोरी के बुलाने पर अमित साहनी उसके घर पहुंच गया। प्रेमिका के कमरे में युवक को देख परिजन ने दरवाजा की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद बगल के लोगों को बुला लिया। लाठी-डंडे और राॅड से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक के अनुसार घायल अमित साहनी की मां की तहरीर पर तीन लोगों कृष्णा वर्मा, अंतिम सिंह, आलोक सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।