नगर के होली पर्व के लिए शहीद पार्क चौक स्थित दुकान पर बिक्री के लिए रखा हैप्पी होली वाला लेडि
बलिया। रंगों के त्योहार होली को लेकर शहर के बाजारों में उल्लास देखते ही बन रहा है। शहीद पार्क चौक, कासिम बाजार, सिनेमा रोड, आर्य समाज रोड समेत अन्य बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। नई डिजाइन की टोपी और पगड़ी उपलब्ध हैं, जिन्हें लोग पहनना पसंद कर रहे हैं।
इसके साथ ही लोग होली के लिए विशेष कपड़े व टी शर्ट भी खरीद रहे हैं, जबकि पहले होली खेलने के लिए पुराने कपड़ों का उपयोग किया जाता था। होली को लेकर हर तरफ रंग, अबीर, पिचकारी की दुकानें सज गई है। बाजार में रंग का परवान चढ़ने लगा है।
बाजार में 35 रुपये से 200 रुपये तक के आकर्षक टोपी उपलब्ध हैं, वहीं 50 रुपये से 150 रुपये की रेंज में विभिन्न डिजाइनों की राजस्थानी और मालवी पगड़ियां बिक रही हैं। इसके साथ ही होली खेलने के लिए नई डिजाइन की टी-शर्ट और कुर्ता-पायजामा भी बाजार में उपलब्ध हैं और इनकी बिक्री भी अच्छी हो रही है। खासकर बच्चों के लिए कई नए मुखौटे तो कई रंगीन बाल, तो कई स्टाइलिस्ट चश्मे गुलाल की आतिशबाजी भी बाजार में उपलब्ध है। इस बार बाजार में 50 से लेकर 500 रुपये तक की पिचकारी उपलब्ध है। बच्चों के लिए वही पुराना डोरेमोन, छोटा भीम, स्पाइडर मैन, मोटू पतलू की पिचकारी भा रही है। बाजार में कई डरावने कपड़े के साथ ही भूत, राक्षस, शेर, भालू, डोरेमोन, स्पाइडर मैन, और खास करके हैकर के मुखौटे बाजार में उपलब्ध है। इनकी कीमत 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक है।