भीमपुरा। एक शादीशुदा प्रेमी ने अपनी कथित प्रेमिका की जिंदगी में दूसरे प्रेमी के एंट्री होने से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। साथ में एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें आत्महत्या का जिम्मेदार अपनी कथित प्रेमिका व नए प्रेमी को ठहराते हुए ब्लैक मेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
बता दें कि भीमपुरा थाना क्षेत्र के उधरन गांव निवासी संदीप कुमार मौर्य 28 की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी। वह मऊ स्थित किसी ठेकेदार के यहां सुपरवाइजर का काम करता था और घर भी आता जाता था। इसी दौरान एक गांव की एक युवती से प्रेम हो गया। प्रेम काफी दिनों तक चला, लेकिन इसी बीच किसी तीसरे प्रेमी ने एंट्री मार दी। जिसके बाद संदीप की कथित प्रेमिका उसको छोड़कर अपने नए प्रेमी से बातें करने लगी।
यह संदीप को नागवार गुजरा और उसने कई बार उसको समझाने का प्रयास किया तो उसने जिंदगी से चले जाने की बात कही। सोमवार को संदीप मऊ से घर पहुंचा। उसके बाद बुधवार की शाम कथित प्रेमिका के गांव पहुंचा और विषाक्त पदार्थ का सेवकर कर खुदकुशी कर ली। कुशहा रसीदपुर मूसई यादव के टयूबेल के समीप उसका शव मिला। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें संदीप ने आत्महत्या के लिए कथित प्रेमिका व उसके प्रेमी को जिम्मेदार बताया है। दोनों मुझे बार-बार ब्लैकमेल करते थे। इसी वजह से मैं यह कदम उठा रहा हूं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने रामविलास मौर्य की तहरीर पर प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह मामला जांच का विषय है कि किन परिस्थितियों में युवक ने आत्म हत्या किया है। सुसाइड नोट व पीड़ित के परिजन की तहरीर पर युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - बिंद कुमार,प्रभारी निरीक्षक भीमपुरा