कोतवाली क्षेत्र के बैजनाथ छपरा रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार की शाम लगभग सात बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक दूसरे बाइक सवार युवक को चाकू मार कर घायल कर दिया और उसकी बाइक छीन कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और बदमाशों को तलाशा लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। पीड़ित को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बकुल्हा पूर्वी टोला निवासी नीतीश कुमार यादव (23) रानीगंज बाजार से सोमवार की शाम बाइक से अपने घर जा रहे थे, अभी बैजनाथ छपरा रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन लोग आए और टक्कर देकर नीतीश की बाइक को गिरा दिए। नीतीश ने शोर मचाया तो बदमाशों ने ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। बाइक नई थी और उसका नंबर भी नहीं लगा था। पुलिस ने घायल को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों से लोग चिंतित हैं।