नगरा। नगरा बाजार में पूर्व विधायक के पेट्रोल पंप से एक पखवाड़े पूर्व चोरी गए ट्रक का पता लगाने में नगरा पुलिस को सफलता मिल गयी है। पुलिस पकड़े गए चोरों को रिमांड पर लेने के प्रयास में है। सभी चोर देवरिया जिले में पकड़े गए थे, जहां पूछताछ में ट्रक चोरी को स्वीकार किया था।
बता दे कि भीमपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी मनोरंजन सिंह के ट्रक यू पी 54 टी 3859 को ट्रक चालक बाजार स्थित पूर्व विधायक के पेट्रोल पंप पर 22 सितंबर को खड़ा करके घर चला गया। 26 सितंबर की शाम को जब ट्रक चालक पेट्रोल पंप पर आया तो देखा कि ट्रक नहीं है। चालक ने इधर उधर पूछताछ की , लेकिन कुछ पता नहीं चला तब चालक ने ट्रक मालिक को सूचना दी। ट्रक मालिक ने सूचना मिलते ही पुलिस को ट्रक चोरी की तहरीर दी। पुलिस ट्रक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। तभी से ट्रक चोरी पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई है, क्योंकि जिस पैट्रोल पम्प से ट्रक चोरी हुई है वह पम्प भाजपा के पूर्व विधायक का है। पूर्व विधायक भी चोरों के दुस्साहस से आक्रोशित थे और पुलिस के आला अफसरों को घटना से अवगत करा दिया था। इससे पुलिस की नींद हराम हो गयी थी। इसी बीच देवरिया जिले में चार वाहन चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गए और ट्रक चोरी को भी कबूल लिया। पकड़े गए चारो वाहन चोर बिहार के सिवान जिले के हैं। प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि वाहन चोर देवरिया जिले में पकड़े गए हैं, वे ट्रक चोरी को स्वीकार किये हैं। उन्हें रिमांड पर लेने की कोशिश जारी है ताकि ट्रक भी बरामद हो जाय।
---------------------------