लालगंज/चितबड़ागांव/उभांव। दोकटी थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पर अचानक जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पहुंच गए। कानूनगो मदन यादव और एक चकबंदी के लेखपाल छोड़कर कोई राजस्व कर्मचारी नहीं पहुंचा था। थानाध्यक्ष बंश बहादुर सिंह ने इसको लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की। इसपर उपजिलाधिकारी ने बताया कि लेखपालों की ड्यूटी प्रभावित इलाकों में लगी है। इस वजह से नहीं पहंुचे।
दोकटी थाने में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रांतवीर ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। इन अधिकारियों के सामने दो मामले प्रस्तुत हुए। दोनों मामले जमीन विवाद के रहे। विशुनपुरा निवासिनी शिव कुमारी देवी ने कहा कि तीन साल पहले बैनामा कराई गई जमीन पर विक्रेता की ओर से कब्जा नहीं दिया जा रहा है। इस पर विपक्षी गुप्तेश्वर सिंह को बुलाया गया। उनसे बात की गई तो उन्होंने चकबंदी की प्रक्रिया के बाद जमीन पर कब्जा देने की बात कही। इस पर दोनों अधिकारियों ने थानाध्यक्ष को आदेशित किया गुप्तेश्वर सिंह के भाइयों और विपक्ष सभी को सोमवार को थाना बुलाकर बात की जाए। लेखपाल-कानूनगो की उपस्थिति में पैमाइश कर पीड़िता को कब्जा दिलाया जाए।
दूसरा मामला दोकटी का रहा। इसमें गीता देवी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर फर्जी तरीके से जमीन बेचने का मामला उठाया। डीएण ने उपजिलाधिकारी बैरिया को निर्देशित कि मामले की जांच करें और दोषी पाए जाने पर विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। करीब एक घंटे थाने पर रहने के बाद दोनों अधिकारी चले गए। थानाध्यक्ष दोकटी बंश बहादुर सिंह ने बताया कि थाना समाधान दिवस पर पांच मामले आए सभी भूमि संबंधी विवाद के थे। दो का निस्तारण कर दिया गया, शेष तीन को तहसील के कर्मचारियों के साथ मिलकर समाधान कर दिया जाएगा। डीएम ने उपजिलाधिकारी को बैरिया बाजार में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण हटवाने तथा सड़क पर खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड से वार्ता कर थाना दोकटी आने वाली सड़क पर हुई गड्ढों को भरवाने के निर्देश दिए।
उधर, चितबड़ागांव थाने पर राजस्व विभाग के दो मामले आए। इसमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। एक मामला पैमाइश का था जिसे फसल कटने के बाद करने को कहा गया। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी, केशरी नंदन त्रिपाठी, सुधीर कुमार पाण्डेय, संजय यादव, ओमप्रकाश, श्याम प्रकाश मिश्र मौजूद थे। उभांव थाना परिसर में तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस पर 15 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। मौके पर 11 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें 13 भूमि विवाद व 2 पुलिस विभाग से संबंधित थे। एसएचओ विपिन सिंह व राजस्व कर्मी मौजूद रहे।