बैरिया। तहसील बार एसोसिएशन बैरिया के अध्यक्ष व महामंत्री समेत चार अधिवक्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी वापस नहीं लिए जाने से अधिवक्ताओं का धरना बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
तहसील परिसर में धरना देने के बाद अधिवक्ताओं ने चक्रमण कर तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एसडीएम के खिलाफ भी नारे भी लगाए गए। वहीं, अधिवक्ताओं के आंदोलन के कारण वादकारी परेशान रहे।
अधिवक्ताओं के अनुसार करीब तीन माह पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेश भारती की तहरीर पर तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्र, महामंत्री राजकुमार तिवारी समेत दो अन्य अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। प्राथमिकी के विरोध में अधिवक्ताओं ने आंदोलन शुरू किया था। पूर्व में भी अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया था।
तत्कालीन जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के हस्तक्षेप के बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन प्राथमिकी वापस नहीं होने से विवाद फिर गहरा गया। वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत सिंह ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले दर्ज प्राथमिकी वापस नहीं हुआ है।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। आंदोनल के दौरान अध्यक्ष राकेश मिश्रा, महामंत्री राजकुमार तिवारी, बसंत पांडेय, अजीत सिंह, देवेंद्र मिश्रा, विनय पांडेय, चंद्रशेखर यादव, बृजेश सिंह, पप्पू तिवारी, शिवजी सिंह, जाकिर हुसैन आदि मौजूद रहे।