विभिन्न मांगों को लेकर रसड़ा तहसील परिसर में धरने पर बैठे अधिवक्ता। जागरुक पाठक
रसड़ा (बलिया)। तहसील में कथित भ्रष्टाचार और पत्रावलियों के निस्तारण में अनियमितता के आरोपों को लेकर अधिवक्ताओं ने सोमवार को नाराजगी जताई। तहसील के मुख्य गेट पर अधिवक्ताओं ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता द्वारिका सिंह की अध्यक्षता में तहसील परिसर में धरना दिया। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील में अधिकारियों की कार्यप्रणाली के कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों के वाद प्रभावित हो रहे हैं। बार-बार आगाह किए जाने के बावजूद संबंधित पत्रावलियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और उन्हें खारिज कर दिया जा रहा है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित अधिवक्ताओं ने आंदोलन का निर्णय लिया। धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
धरने में अमर बहादुर सिंह, त्रिलोकीनाथ सिंह, भानु प्रताप सिंह, राजीव भारती, राजीव सिंह, संजय सिंह, श्याम बिहारी सिंह,शिशिर कुमार श्रीवास्तव, निश्चल सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।