जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के चांददीयर चौक पर कई साल से पुलिस चौकी स्थापित है। उधर, जनपद के अंतिम छोर एनएच 31 पर जयप्रभा सेतु स्थित है जो यूपी से बिहार राज्य को जोड़ता है। उसके पश्चिमी छोर पर चांददीयर ग्राम पंचायत में करीब तीन दशक पूर्व पुलिस चौकी व अंतरप्रांतीय पुलिस चौकी के लिए भूमि आवंटित की गई थी। लेकिन आज तक इस चौकियों की भूमि का सीमांकन नहीं हुआ था। कुछ दिनों पहले एसपी डॉ विपिन ताडा ने स्थलीय निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने चांददीयर पुलिस चौकी प्रभारी सूरज कुमार सिंह को यथाशीघ्र इस भूमि का सीमांकन कराने का निर्देश दिया। इसके बाद राजस्व विभाग के सहयोग से चांददीयर पुलिस चौकी की 75 डिसमिल भूमि व अंतरप्रांतीय पुलिस चौकी के लिए 12 डिसमिल भूमि का सीमांकन कराया गया।
चांददीयर पुलिस चौकी के प्रभारी ने बताया कि अंतरप्रांतीय पुलिस चौकी के लिए मौजा चांद दियर के अराजी नंबर 4319 स रकबा 0-12 एकड़ जमीन करीब तीन दशक पूर्व आवंटित किया गया था। तत्कालीन राजस्व कर्मियों ने अभिलेखों में अंतरप्रांतीय चौकी की बजाय अंतर्राष्ट्रीय पुलिस चौकी मांझीघाट अंकित कर दिया है। जबकि मांझी घाट उत्तर प्रदेश में है ही नहीं, वह पूर्ण रूप से बिहार राज्य का गांव है। उन्होंने बताया कि अभिलेखों में सुधार करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार नायक का कहना है कि ऐसा मामला उनकी संज्ञान में नहीं है। अगर अभिलेख में अंतरराष्ट्रीय चौकी मांझी घाट दर्ज है तो यह लिपिकीय त्रुटि है, इस दुरुस्त कराया जाएगा। क्षेत्राधिकारी बैरिया राजेश त्रिपाठी ने कहा कि दोनों पुलिस चौकियों के लिए आवंटित भूमि का सीमांकन हो गया है। अब जो लिपिकीय त्रुटि है उसे प्रक्रिया पूरी करवाकर सही करा दिया जाएगा।