बांसडीह रोड। थाना क्षेत्र के छितौनी शिव मंदिर स्थित पोखरे में डूबने से रामपूजन राजभर (52) की मौत हो गई। थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया।
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर गांव निवासी रामपूजन राजभर बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सराक गांव में अपनी बहन के घर रहते थे। खेती-मजदूरी करते थे। दोपहर में रामपूजन छितौनी शिव मंदिर के समीप पोखरे पर गए थे। सीढ़ी पर पैर फिसलने से पोखरे में गिर गए। आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक वह डूब गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि रामपूजन शराब के नशे में थे। नशे में गहरे पानी में चले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद