बैरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में हड्डी रोग व शिशु रोग विशेषज्ञों की तैनाती होगी। वहीं 30 बेड का एल वन अस्पताल बनेगा। साथ ही डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड मशीन व ऑउटर एनेलाइजर मशीन के अलावा ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा को गोद लेने के बाद सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने सीएमओ डॉ राजेंद्र प्रसाद व उपजिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बुधवार को बैठक की।
सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के बुलावा पर मुख्य चिकित्साधिकारी बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पर पहुंचे थे। जहां उप जिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार नायक व अन्य चिकित्साधिकारी व क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर क्षेत्र को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में यह तय किया गया कि सोनबरसा अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ सहित अन्य रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक सप्ताह में एक या दो दिन बारी बारी से अपनी अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। वहीं निर्माणाधीन 100 बेड के अस्पताल का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश सांसद ने सीएमओ को दिया। वहीं कोविड टीकाकरण की व्यवस्था को और सुचारु किया जाएगा। क्षेत्र के प्राथमिक स्वाथ्य केन्द्र कोटवां अस्पताल की उच्चकृत करने के साथ ही अन्य ग्रामीण अस्पतालों को भी बेहतर व्यवस्था से लैस किया जाएगा। सीएमओ ने कहा कि जो पद खाली हैं उसे आउटसोर्सिंग के सहारे भरा जाएगा ताकि यहां के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। यहां स्थापित एल वन अस्पताल में पर्याप्त संख्या में बेड व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरली छपरा, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करण छपरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयप्रकाश नगर, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुबे छपरा व बहुआरा को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। जिस पर सीएमओ ने तत्काल उचित व्यवस्था करने का भरोसा दिया।
सांसद मस्त ने कहा कि सोनबरसा अस्पताल में मैं ऐसी व्यवस्था चाहता हूं कि यहां के लोगों को इलाज के लिए बलिया या अन्य स्थानों पर न जाना पड़े। सभी रोगों का समुचित इलाज यहीं हो जाए, इसकी व्यवस्था में लगा हूं। इसके लिए धनाभाव आड़े नहीं आएगा। सांसद ने सीएमओ से कहा कि यहां का नोडल अधिकारी डॉक्टर विजय कुमार यादव को नियुक्त करें। जो सभी अस्पतालों को समुचित व्यवस्था से लैस करने के लिए अपनी रिपोर्ट सीएमओ को भेजें और उस पर कार्रवाई हो। सीएमओ ने तत्काल डॉक्टर विजय कुमार यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया। एसडीएम से सांसद ने कहा कि कोई प्रशासनिक गतिरोध अस्पताल के सामने या चिकित्सकों के सामने आए तो उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की व्यवस्था करें। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, अमिताभ उपाध्याय, दिलीप गुप्ता, रत्नेश सिंह, पूर्व प्रमुख कन्हैया सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, राजेश सिंह आदि रहे।