परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना कोरंटाडीह चौकी को देने गए, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद थाना प्रभारी सुनील चंद्र तिवारी को जानकारी दी गई। परिजन दोनों के शव लेकर घर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों के साथ एनएच-31 जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। घटना के डेढ़ घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। चार घंटे तक एनएच-31 पर जाम लगा रहा। दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
नरही थानाध्यक्ष सुनील चंद्र तिवारी ने 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का लिखित आश्वासन दिया, तब रात डेढ़ बजे जाम समाप्त हुआ। मौके पर एसपी डॉ. ओमवीर सिंह, एएसपी कृपाशंकर, के साथ कई थानों की पुलिस पहुंच गई थी। सुबह से ही पुलिस की टीम क्षेत्र में जमी रही। आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सिकंदरपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान भोरिक गुप्ता के 16 वर्षीय पुत्र जीतू गुप्ता ने बताया कि कोटवा नारायणपुर कनुआन रोड पर बियर तथा देसी शराब की दुकान है। वह दूध लेने के लिए गया था। देखा कि कोटवा नारायणपुर के कुछ लड़के आपस में उलझे हुए हैं। जैसे ही वहां पहुंचा आरोपियों ने उसपर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे पर बेहोश हो गया। इसकी जानकारी चचेरे भाई प्रशांत गुप्ता को हुई तो गोलू वर्मा को लेकर मौके पर पहुंचे। पूछताछ की तो आरोपियों ने उनके ऊपर भी कुल्हाड़ी से गर्दन और पेट पर वार कर दिए। इससे प्रशांत गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलू वर्मा ने बक्सर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जीतू ने बताया कि 20 दिन पहले भी आरोपियों से उसका विवाद हुआ था।
ये आरोपी नामजद किए गए
शिवम राय पुत्र उमेश राय, बिट्टू यादव, प्रियांशु राय पुत्र पवन राय, रुदेश राय पुत्र लालू राय।