ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से चार दिवसीय खेलकूद महाकुंभ का रंगारंग आगाज मंगलवार से वीर लोरिक स्टेडियम में होने जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के तकरीबन 7000 से अधिक छात्र-छात्राएं स्टेडियम में जुटेंगे, जिनका आगमन सोमवार से ही शुरू हो चुका है।
खिलाड़ियों को ठहराने की व्यवस्था की गयी है। बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजे सभी टीम वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में उपस्थित होंगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस नौ बजे करेंगे। उसी समय सभी 90 टीमें मार्चपास्ट करेंगी। फिर 400 मीटर दौड़ के अलावा पीटी, जिम्नास्टिक और योग का आयोजन होगा। इसके बाद शॉटपुट और लंबी कूद, समूह गान, लोकगीत की प्रतियोगिताएं होंगी।