प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ अभियान को बल देने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम ने डीआईओएस के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों द्वारा बेटियों के जन्म पर पांच पौधे लगाने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि बेटी के जन्म पर पौधे लगाने के बाद इसकी रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराना है। इस निर्देश के बाद उम्मीद है कि जिले में पर्यावरण की हालत भी सुधरेगी। ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाने को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रखा है। इस अभियान को बल देने के साथ ही पर्यावरण को भी संतुलित करने के उदेश्य से प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर बेटी जन्म पर पांच पौधे लगाने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री के इस निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजकर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक को बेटी के जन्म पर पांच पौधे लगाने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है। इस अभियान से बेटियों के जन्म को अभिशाप मानने की मानसिकता तो खत्म होगी ही, साथ ही पर्यावरण भी संतुलित होगा।