कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर ऐतिहासिक गंगा घाट पर विशेष आयोजन की तैयारी की गई है। प्रशासन की तरफ से आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन के रंगों से सजा मेगा शो दर्शकों को अद्भुत अनुभव देगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रणव सिंह कान्हा की विशेष प्रस्तुति से होगी, जो थीम गीत बागी बलिया हमको कहते हैं, हम सबके दिलों में रहते हैं... प्रस्तुत करेंगे।
इसके बाद हाईटेक लाइट एंड साउंड विष्णु दशावतार शो का मंचन होगा, जिसमें मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि इन दस अवतारों की मनोहारी प्रस्तुति जोधपुर (राजस्थान) और दिल्ली के 65 कलाकार देंगे। तीन घंटे की इस प्रस्तुति में 10 मिनट का मध्यान्तर रखा गया है। साथ ही दूसरे दिन हाईटेक लाइट एंड साउंड शिव विवाह शो का आयोजन किया जाएगा।