बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बसंतपुर में ही रहेगा। विश्वविद्यालय के द्वितीय परिसर की शासन स्तर पर न कोई प्रस्ताव है और न ही विचाराधीन है। बसंतपुर में जहां विश्वविद्यालय का नोटिफिकेशन हुआ है, मानचित्र स्वीकृत हुुुआ है वहीं निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इसमें कहीं कोई भ्रम नहीं है। निर्माण के लिए 93 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुका है, इसमें से 15 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था को अवमुक्त किया गया है। यह बातें राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने रविवार को पीडब्ल्यूडी डाकबंगले में प्रेसवार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि कुलपति की विश्वविद्यालय के स्थानांतरण की बातें आधारहीन और तथ्यहीन है। उनकी बातों का मैं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री होने के नाते खंडन कर रहा हूं। इन बातों का प्रस्ताव शासन में नहीं है, न मुख्यमंत्री से चर्चा है और न ही इस पर कोई सहमति बनी है। मुख्यमंत्री को द्वितीय परिसर की बात करनी होगी वह निश्चित रूप से हम लोगों के माध्यम से होगी। एक सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने कहा कि दीक्षांत समारोह में उप मुख्यमंत्री भी थे। जिन्होंने निर्देश दिया था कि जो 15 करोड़ रुपये आया है उससे निर्माण कार्य शुरू हो। राज्यमंत्री ने कहा कि कमिश्नर व जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि विश्वविद्यालय की भूमि पर जलजमाव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए वृहद कार्ययोजना बनाकर भेजें।