संवाद न्यूज एजेंसी बलिया । जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं आरंभ हो गई हैं। परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 82916 परीक्षार्थियों के लिए 7 नोडल एवं 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा व्यवस्था उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के लिए विकसित किए जा रहे ऑनलाइन पोर्टल समर्थ के माध्यम से संचालित की जा रही है। राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को प्रवेश, परीक्षा, मूल्यांंकन आदि अपने सारे कार्य इसी समर्थ के द्वारा संचालित किए जाने हैं। समर्थ के माध्यम से पूरी प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराने के बाद जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय प्रदेश का ऐसा पहला विश्वविद्यालय बन गया है, जहां समर्थ के माध्यम से परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता और परीक्षा नियंत्रक एस एल पाल के द्वारा परीक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। समर्थ के नोडल अधिकारी डॉ. नीलमणि त्रिपाठी तथा तकनीकी सहायक रवि प्रकाश मिश्र द्वारा परीक्षा में आने वालीं समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। पूरी परीक्षा व्यवस्था को शुचिता पूर्ण नकलविहीन संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय की तरफ से उड़ाका दल की दो टीमों का गठन किया गया है। प्रथम टीम में डॉ. संदीप पांडेय के नेतृत्व में डॉ. किशन कुमार एवं डॉ. तृप्ति तिवारी सदस्य तथा द्वितीय टीम में डॉ. मनोज कुमार, प्रभारी डॉ. कौशल कुमार पाण्डेय एवं डॉ. माला कुमारी सदस्य हैं। दोनों टीमें लगातार सभी परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण करती रहीं। शनिवार को पीजी के विभिन्न विषयों के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा क्रमशः प्रातः 8.00 से 10.00 बजे की प्रथम पाली और 11.30 से 1.30 बजे की द्वितीय पाली में संपन्न हुई।