मानसूनी बारिश का लुत्फ उठाते बहेरी के बच्चे।
सुबह से ही आसमान में अठखेलिया कर रहे काले मेघ रविवार की शाम झमाझम बरसे। इससे जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली वहीं किसानों की चिंता भी कुछ हद तक दूर हो गई। दूसरी ओर नगर के गड्ढायुक्त सड़कों पर जलभराव तथा कीचड़ होने से लोगों को परेशानी भी हुई।
रविवार की शाम को करीब तीन बजे से उमड़-घुमड़ कर रहे बादलों ने मेघ का रूप ले लिया। देखते ही देखते नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश से जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली वहीं नगर के कुछ इलाकों में बच्चों ने बारिश के पानी में भी खूब आनंद लिया।
नगर के शहरीय इलाकों के साथ ही नगर से सटे बहेरी, उमरगंज, परमंदापुर, निधरिया, मिड्ढा सहित दर्जनों गांवों में बारिश से लोगों ने राहत महसूस की। नगर के कई मार्गों पर जलजमाव से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर के कुंवर सिंह-जेल रोड, एनसीसी तिराहा से कोतवाली रोड, मिड्ढी से टीडी कालेज मार्ग सहित विभिन्न मार्गों पर जल जमाव से लोगों को परेशानी हुई।