सुखपुरा। थाना क्षेत्र के भलुही ग्राम के बौरी में मंगलवार की रात कल्पनाथ यादव के मकान की चहारदीवारी फांदकर चोरों ने एक लाख 70 हजार रुपये नगद के अलावा हजारों रुपयों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई।
थाना क्षेत्र के भलुही ग्राम के बौरी में कल्पनाथ यादव के परिवार के सदस्य रोज की भांति मंगलवार की रात मकान में अपने-अपने कमरे में सोये थे। इसी बीच चोर घर की चहारदीवारी फांदकर मकान के अंदर घुस गये और एक कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखा एक बक्सा उठा ले गए। बक्से को तोड़कर मकान बनाने के निमित्त रखा एक लाख 70 हजार रुपया नगद, सोने के दो झुमके, एक लॉकेट, मंगलसूत्र, दो सिकड़ी, तीन जोड़ी चांदी का पायल, 10 चांदी का छल्ला उठा ले गए। पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी भोर में जगने के बाद हुई। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल मुकामी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को टूटा बक्सा सुखपुरा-गड़वार रोड पर स्थित भोजपुर पुलिया के पास मिला।