विशुनपुरा। उभांव थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव में मंगलवार की रात तीन घरों को चोरों नें निशाना बनाया और लाखों के गहनों सहित अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों को चोरी की जानकारी बुधवार की सुबह हुई तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
जमुआव गांव में शारदा यादव के दो मंजिले मकान पर चोर चढ़ कर दूसरे तल पर बने कमरे में घुस गए और बक्से में रखे करीब चार लाख के गहने एवं पांच सौ रुपये नगदी को चुरा लिया। इसके बाद पड़ोसी जयप्रकाश खरवार (पिन्टू) के घर से पचास हजार के गहने तथा दस हजार नगदी और श्रीप्रकाश शर्मा के घर में घुस कर मोबाइल सेट चोरी कर चोर भाग निकले। पीड़ितों के अनुसार चोरी की खबर सुबह नींद से जगने के बाद हुई। पीड़ितों ने चोरी की सूचना डॉयल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरी की जानकारी प्राप्त कर छानबीन में जुट गई।