बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा चार के छात्र अरशद अहमद (11) की मौत के मामले में प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ने प्रथमदृष्टया लापरवाही पाए जाने पर फेफना विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) रामनारायण यादव को बुधवार को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस ने नामजद तीन शिक्षकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) ने उन्हें जेल भेज दिया। हालांकि जेई अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
कनैला गांव के प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह 11 वर्षीय अरशद अहमद पहुंचा था। आरोप है कि उसे मध्याह्न भोजन के लिए लौकी तोड़ने के लिए विद्यालय की छत पर भेजा गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शिक्षकों को बंधक बना लिया। उच्चाधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
मृतक के भाई सलमान की तहरीर पर पुलिस ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार, शिक्षामित्र दीपचंद्र राम और बिजली विभाग के अवर अभियंता रामनारायण यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। विदयुत निगम के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्कूल में बच्चे की करंट से मौत मामले में लापरवाही पर जेई को निलंबित कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता इं. प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में दोषी पाये जाने के बाद कार्रवाई की गई है। स्कूलों के ऊपर से गुजरे तारों के हटान की प्रक्रिया जारी है।