बोर्ड परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ अनारपति वर्मा जिले में पहुंचीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया। वहीं, बैठक के बाद उन्होंने प्रभारी डीआईओएस को बांसडीह क्षेत्र के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने का निर्देशदिया और स्वयं दुबहर क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र का जायजा लेने पहुंची। जेडी ने परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों उत्तर पुस्तिकाओं के पहुंचने का भी जायजा लिया और शाम को आजमगढ़ के लिए रवाना हो गईं।
बोर्ड परीक्षा ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहा है अधिकारियों की हलचल भी बढ़ती जा रही है। जेडी एपी वर्मा ने सबसे पहले शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा केंद्रों पर की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं व प्रश्न पत्रों के पहुंचने के बाबत भी जानकारी ली। प्रभारी डीआईओएस अतुल तिवारी ने बताया कि 200 परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र तथा सभी 274 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच गई हैं। इसके बाद जेडी ने परमहंस इंटर कॉलेज दुबहड़ परीक्षा केंद्र का मौके पर जाकर जायजा लिया और तैयारियों के बाबत जहां कमी दिखाई दे उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। जेडी के निर्देश पर प्रभारी डीआईओएस ने शिवमंगल सिंह इंटर कॉलेज बेरुआरबारी, विजय बहादुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैथौली, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बासडीह व बांसडीह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया और रिपोर्ट जेडी को सौंपा। जेडी ने कहा कि नकलविहीन परीक्षा कराना पहली प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की कोताही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।