मानव धर्म प्रसार समाजसेवी संस्था ने मंगलवार को तहसील के विभिन्न कार्यालयों में बाहरी लोगों के हस्तक्षेप का आरोप लगाया। इस दौरान संस्था के लोगों ने जांच रिपोर्ट में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए राजस्व निरीक्षक की प्रतिकात्मक शव यात्रा निकाली।
इस दौरान यह यात्रा जुलूस की शक्ल में तहसील गेट पहुंची और यहां राजस्व निरीक्षक का पुतला दहन किया। इस दौरान संस्था के लोगों ने कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से सरकारी लालफीताशाही का आरोप लगा इसकी तीखी निंदा की।
सभा को संबोधित करते हुए संस्था के संयोजक विनोद कुमार यादव ने कहा कि तहसील के विभिन्न कार्यालयों में बाहरी लोगों का हस्तक्षेप बढ़ गया है। अधिकारियों की मिली भगत से बाहरी लोग न सिर्फ सरकारी फाइलों का रख-रखाव करते हैं। बल्कि सरकारी कार्य कराने आए लोगों से धन उगाही भी करते है। इस मामले में मुख्य तहसील दिवस पर जिलाधिकारी से शिकायत की गई।
जांच रिपोर्ट में राजस्व निरीक्षक ने लीपापोती कर प्रकरण का निस्तारण कर दिया। उन्होंने कहा कि न्याय न मिलने की दशा में गलत जांच रिपोर्ट लगाने वाले राजस्व निरीक्षक की प्रतिकात्मक शव यात्रा निकाल पुतला दहन को विवश होना पड़ा। मंडलायुक्त संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंप बाहरी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।इस मौके पर रमायण भारती, सत्यानंद, अक्षय कुमार, रामशरण, रामजन्म, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।