भगवानपुर स्थित लक्षिराम ब्रह्मस्थान की भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जा के खिलाफ भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह और समर्थकों ने बलिया-गड़वार मार्ग जाम कर दिया।
कई गांवों के ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष फेफना श्यामजी यादव ने जाम समाप्त कराया। साथ कार्य कर रहे लोगों को मना कर दिया।
भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ग्राम सभा अगरसंडा, मिड्ढा और भगवानपुर के बीच स्थित सैकड़ाें वर्ष पुराना लक्षिराम ब्रह्म की बाबा का स्थान है। जहां दर्जनों गांवों के लोग पूजन-अर्चन करते हैं।
जबकि कुछ भू-माफिया अपना नाम अंकित करा कर उसे प्लाटिंग कर बेचना शुरू कर दिया है। इस प्रकरण को लेकर डीएम से वार्ता भी की गई। लेकिन उनकी ओर से भी सकारात्मक पहल नहीं की गई।
सोमवार को अचानक कुछ भू-माफिया लक्षिराम ब्रह्म बाबा के नाम पर छोड़ी गई जमीन पर जेसीबी, ईंट, बालू, सीमेंट लेकर निर्माण कराने चले गए।
जब ब्रह्म स्थान पर पूजा करने के लिए गए लोगों ने इसकी जानकारी उन्हें दे दी। कहाकि ब्रह्मबाबा के स्थान पर 12.23 एकड़ भूमि जमीन पहले से बंजर के नाम पर छोड़ी गई है। लेकिन भू माफियाओं ने उस जमीन को अपने नाम से दर्ज करा लिया। बंजर जमीन को चक बनाया गया जो सरासर गलत है।
अगरसंडा, निधरिया, गुरवा, भगवानपुर, बनरही, अमडरिया के ग्राम प्रधान के अलावा शशिकांत पांडेय, कुलबदन तिवारी, पिंकू पांडेय, दीपक पांडेय, अनूप सिंह, सर्वेश्वर पांडेय, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।