नगर से होकर गुजरने वाला कटहल नाला के दोनों तरफ बनाया गया पाथवे।
- फोटो : BALLIA
बलिया। कटहल नाले का दो सौ करोड़ रुपये से विकास किया जाएगा। इसको पिकनिक स्पाट की तरह विकसित किया जाएगा, जहां शहर को लोग यहां सैर कर सकेंगे। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसकी विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
विधानसभा चुनाव के दौरान कटहल नाले को विकसित करने का मुद्दा उठा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी तब इसके लिए हामी भरी थी। अब राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने इसके लिए प्रयास शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग ने कटहल नाले को विकसित करने की कार्ययोजना तैयार कराई है। इस पर तकरीबन दो सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे नाले को साफ कराया जाएगा और गंगा के मुहाने पर एसटीपी बनाई जाएगी। नाले के किनारे पाथवे, गार्डेन, स्वीमिंग पुल, झूले आदि लगाए जाएंगे। पूरे नाला क्षेत्र को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने की योजना है।
परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि योजना की शुरुआत कटहल नाले कि सफाई के साथ हो चुकी है। चरणबद्ध तरीके से कटहल नाला को विकसित किया जाएगा। इसका सुंदरीकरण सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके बनने के बाद रोजगार का भी सृजन होगा। इसके सुंदरीकरण के अलावा गंगा के मुहाने पर एक एसटीपी का निर्माण कराया जाएगा ताकि गंगा को प्रदूषण से बचाया जा सके। दोनों किनारों पर पाथवे का निर्माण कराया जाएगा।
परिवहन मंत्री के निर्देश पर कटहल नाला के सुंदरीकरण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
सीबी पटेल, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग