इंदरपुर। सीसीटीवी की निगरानी में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़ और देवीपाटन मंडल के इंटरमीडिएट के छात्रों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से 1 फरवरी तक होंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
29 व 30 जनवरी को यूपी टेट होने के कारण अवकाश घोषित किया गया है। परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में करानी होगी। साथ ही परीक्षाओं की रिकार्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी ताकि आवश्यकता पड़ने पर मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यालय स्तर पर आयोजित कराए जाने वाली कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित कराई जाएंगी। कक्षा 10 एवं 12 की प्री-बोर्ड की लिखित परीक्षाएं जनवरी के द्वितीय सप्ताह में, कक्षा 9 व 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 2026 जनवरी के अंतिम सप्ताह व फरवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित कराई जाएंगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, मूल्यांकन, प्रोजेक्ट कार्य संपन्न कराए जाएंगे। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा खेल, नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट 10 जनवरी से क्रियाशील हो जाएगी।