बैरिया। विधानसभा बैरिया क्षेत्र में जर्जर विद्युत तार, बार-बार ट्रिपिंग, समय से ट्रांसफार्मर न बदले जाने तथा विद्युत अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर की गई शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से 20 जुलाई 2026 को अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद द्वारा जारी पत्र में जिलाधिकारी बलिया को मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी सूर्यभान सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत के बाद सामने आया है। शिकायत में कहा गया है कि बैरिया विधानसभा क्षेत्र में 11 हजार एवं 33 हजार वोल्ट की कई विद्युत लाइनें लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं। इन तारों के कारण क्षेत्र में कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उन्हें बदलने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदला जाता, जिससे कई गांवों में दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
वहीं क्षेत्रीय अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता से शिकायत करने पर फोन नहीं उठाने और संतोषजनक जवाब न देने का भी आरोप लगाया गया है। सूर्यभान सिंह का आरोप है कि प्रभावित लोगों के बयान लिए बिना ही प्रकरणों का निस्तारण कर दिया जाता है। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद अब जिलाधिकारी बलिया तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई पर क्षेत्रीय लोगों की नजरें टिकी हैं।