बलिया। नवरात्रि और आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि थानों में लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण किया जाए। लंबे समय से लंबित मामलों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा। उन्होंने वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के साथ जनशिकायतों और आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला संबंधी अपराधों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नवरात्रि के दौरान रात में प्रमुख चौराहों और तिराहों पर प्रभावी चेकिंग करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों का भौतिक सत्यापन कराने को कहा गया। अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी व खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल आदि माैजूद रहे। संवाद