गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नपा के सफाईकर्मी। आयोजक
बलिया। गंगा बहुद्देशीय सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों की समस्याओं को सुनकर त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। कहा कि शहर के 25 वार्डों में सफाई का कार्य बेहतर किया जाए।
इसकी हर माह समीक्षा कर बेहतर सफाई वाले वार्ड के सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने वेतन भुगतान के सवाल पर कहा कि बायोमेट्रिक हाजिरी की उपस्थिति के अनुसार हर माह वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। कहा कि जो कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका के ड्राइवरों को वाहनों के समुचित रख-रखाव करने हेतु भी निर्देशित किए। सफाई नायकों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों का बीट निर्धारित कर नियमित रूप से साफ-सफाई कार्य कराएं।
अस्थायी कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। आउटसोर्सिंग सेवा प्रदाता फर्म को निर्देशित किया गया कि वे सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई किट एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए, जिससे कार्य की गुणवत्ता में सुधार हो सके। उन्होंने 15 दिनों के भीतर पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन करने की बात की। संवाद